आदिबदरी। तहसील के सिराणा गांव और आदिबदरी में आयोजित जनता दरबार में सीडीओ और डीएफओ ने जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने पलायन का मुद्दा उठाया साथ ही पेयजल और बिजली आदि व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की।
सिराणा गांव में सीडीओ विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों ने कहा कि आज भी गांव में सड़क की सुविधाएं नहीं होने से ग्रामीणों का पलायन जारी है। इस दौरान सीडीओ गोस्वामी ने जूनियर हाईस्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर शिक्षकों से शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम गैरसैंण स्मृता परमार, ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रभु, खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र मेहरा, पंकज कुमार, लखपत रावत और धनवंतरी त्रिपाठी आदि मौजूद थे। वहीं जीआईसी आदिबदरी में बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ एनएन पांडे की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में खाल के ग्रामीण पूर्ण सिंह ने प्रशासन पर जन सुनवाई की सूचना समय से न देने का आरोप लगाया। मैतोली के विजय लाल ने क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को बदलने की मांग की। जूलगढ़ के दिव्यांग संजय सिंह ने मेडिकल जांच के बाद भी दिव्यांग सर्टिफिकेट नहीं मिलने की शिकायत की। डीएफओ एनएन पांडे ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।