हरिद्वार। केंद्रीय राज्यमंत्री डा. सत्यपाल सिंह के बयान पर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ा एतराज जताया है। विहिप ने केंद्रीय राज्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की है।
प्रांत कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रांत धर्माचार्य प्रमुख राकेश बजरंगी ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री का बयान अज्ञानतापूर्ण है। उन्हें हिंदू पौराणिकता का ज्ञान ही नही है। उन्होंने कहा कि गंगा महज एक नदी नही, बल्कि हिंदू संस्कृति की पहचान हैं। बजरंग दल के प्रांत संयोजक अनिल सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने भाजपा की रीति नीति के विपरीत कार्य करने वालों को मंत्री बनाया है। इससे सरकार की छवि धूमिल होने के साथ साथ हिंदू भावनाओं पर कुठाराघात हो रहा है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि गंगा का अवतरण ही अस्थि प्रवाह की कथा से हुआ था। प्रांत प्रचारक प्रमुख डा. रजनीकांत शुक्ला ने कहा कि डॉ. सत्यपाल सिंह पूर्व में पुलिस अधिकारी रहे हैं। धर्म, संस्कृति, परंपराओं, मान्यताओं से उनका कोई सरोकार नही रहा है। यही नहीं केंद्रीय राज्यमंत्री आर्य समाज को मानने वाले हैं। उन्हें सनातन परंपराओं का ज्ञान ही नही है। प्रांत मीडिया प्रमुख अमित शर्मा ने कहा कि राज्यमंत्री को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए।