कर्णप्रयाग। नैनीताल हाइवे के कर्णप्रयाग और सिमली के बीच दूरसंचार की केबिल बिछाने के लिए जेसीबी मशीनों से खोदी जा रही सड़क संकरी होने से दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रही है। लोगों की शिकायत पर एनएच के सहायक अभियंता ने कार्य कर रही संस्था को काम रोकने के निर्देश दिए हैं।
नरेश चंद्र खंडूड़ी, प्रदीप चंद्र, रविंद्र कुमार और नरेंद्र सिंह आदि ने बताया कि कर्णप्रयाग-सिमली के बीच एनएच पर दूरसंचार केबिलों के लिए जेसीबी मशीनों से सड़क खोदी जा रही है और मलबा सड़क के किनारों पर पड़ा हुआ है। इससे हादसे की आशंका बनी है। उन्होंने शासन-प्रशासन से कार्यदाई संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों को मानकों के अनुरूप करने की मांग की थी। वहीं एनएच के सहायक अभियंता मुकेश कोहली ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर केबिल बिछाने का काम कर रही संस्था को हाइवे पर जेसीबी मशीनों से खोदी जा रही सड़क का काम रुकवाने के निर्देश दे दिए हैं।