श्रीनगर। प्रदेश की राजधानी को लेकर पहली जनवरी से देहरादून से तिरंगा यात्रा शुरू की जाएगी। इसके बाद भी सरकार ने राजधानी के मुद्दे पर उचित निर्णय नहीं लिया तो विधान सभा के ग्रीष्मकालीन सत्र के बाद विभिन्न स्थानों पर आमरण अनशन शुरू कर आंदोलन को गति दी जाएगी।
सोमवार को डालमिया धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में गैरसैण में राजधानी की मांग कर रहे प्रवीण सिंह ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। कहा कि शिक्षा मंत्री के आश्वासन पर उन्होंने व साथियों ने अनशन तोड़ा है। कहा कि आंदोलन के तहत पहली जनवरी से तिरंगा यात्रा के माध्यम से जनजागरण किया जाएगा। श्रीनगर में 26 जनवरी को यात्रा शुरू की जाएगी। इसके साथ राजधानी गैरसैण में बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के 70 विधायकों, सांसदों व विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रमुखों से सहमति पत्र के माध्यम से राय ली जाएगी। प्रवीण ने बताया कि इसके बाद भी राजधानी के मामले पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेने पर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आमरण अनशन शुरू किए जाएंगे। कहा कि उनकी मुख्य मांगों में राजधानी के साथ ही रोजगार का मौलिक अधिकार देने व प्रदेश में मध्य निषेद्य विभाग की स्थापना शामिल है। इस मौके पर आदेश चौधरी, संजय घिल्डियाल, गुरु प्रसाद उपाध्याय व नारायण सिंह मौजूद थे।