जोशीमठ। तहसील प्रशासन ने रविग्राम में बिना अनुमति के चल रहे ट्रेड फेयर मेले का संचालन बंद करवा दिया है। एसडीएम जोशीमठ योगेंद्र सिंह ने मेला संचालक को बिना अनुमति मेला संचालित करने पर कड़ी नाराजगी जताई।
कुछ दिनों से बिना प्रशासन की अनुमति के मैदानी क्षेत्र के एक व्यापारी की ओर से रविग्राम में पिटकुल मैदान में ट्रेड फेयर मेला संचालित किया जा रहा था। मेले में सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं थे। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की थी। अमर उजाला ने भी इस संबंध में 18 दिसंबर के अंक में ‘बिना प्रशासन की अनुमति के चल रहा है ट्रेड फेयर’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेते हुए सोमवार को तहसील प्रशासन ने तत्काल मेले के आयोजन को रोक दिया। एसडीएम योगेंद्र सिंह के निर्देश पर तहसील के कर्मचारी मेला स्थल पहुंचे और मेला संचालन तत्काल बंद करने के लिए कहा। शाम तक मेले का संचालन बंद हो गया।