हरिद्वार। कनखल के किराना कारोबारी रामप्रकाश गोयल को धमकी देने के मामले में कुख्यात सुनील राठी शनिवार को एसीजेएम धीरेंद्र भट्ट की कोर्ट में पेश हुआ। राठी की पेशी को लेकर कोर्ट परिसर में चप्पे चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रही।
हरिद्वार और कनखल थाने में कुख्यात सुनील राठी के खिलाफ दो अलग अलग मुकदमे दर्ज हुए थे। एक मुकदमा किराना कारोबारी रामप्रकाश गोयल ने तो दूसरा रिटायर्ड भेलकर्मी अंबरीष रस्तोगी ने दर्ज कराया था। दोनों ही मामले करोड़ों के लेनदेने से जुड़े है और प्रॉपर्टी डीलर प्रद्युम्न अग्रवाल मुख्य सूत्रधार है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर प्रॉपर्टी डीलर प्रद्यम्न अग्रवाल के इशारे पर कुख्यात राठी ने उन्हें धमकी दी। रुड़की की जेल में कैद कुख्यात सुनील राठी को शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच एसीजेएम धीरेंद्र भट्ट की कोर्ट में पेशी पर लाया गया। राठी की पेशी को लेकर हरिद्वार पुलिस पहले से ही चौकन्नी रही। इसलिए एएसपी रचिता जुयाल, सीआईयू प्रभारी प्रदीप बिष्ट, कार्यवाहक एसओ सिडकुल दीपक कठैत, एसओ कनखल अनुज सिंह मौजूद रहे। दोपहर करीब डेढ़ बजे रुड़की से पुलिस बल राठी को लेकर कोर्ट पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच राठी को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान कोर्ट कैंपस में पुलिस की निगाहें गढ़ी रही। हर आने जाने वाले की चेकिंग हुई। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगाह रखे रहे। करीब आधे घंटे तक कोर्ट में रहा राठी फिर सुनवाई के लिए अगली तारीख 23 घोषित होने पर वापस रुड़की चला गया। एसओ ने बताया कि अब राठी की पेशी 23 दिसंबर को होगी।