श्रीनगर। चौरास क्षेत्र में छह दिवसीय शहीदी मेले का आगाज स्कूली छात्रों की परेड एवं उत्तराखंड लोक परंपराओं, देशभक्ति व पर्यावरण संरक्षण पर आधारित झांकियां के साथ हुआ।
शनिवार को शहीदी मेले का शुभारंभ शहीद अतुल नेगी की पत्नी ममता नेगी व मां सारिका नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह भंडारी ने कहा कि शहीदों की याद में आयोजित होने वाला यह मेला शहीदों के लिए श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी से स्कूली छात्रों व युवा वर्ग को देश के प्रति सर्मपण की भावना की प्रेरणा मिलती है।
मेले का शुभारंभ शनिवार को करीब 11 बजे स्कूली छात्रों की परेड से किया गया। परेड प्राइमरी, जूनियर व सीनियर वर्ग में आयोजित की गई। जिसमें मार्शल पब्लिक स्कूल, एंजल हेवन स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर मढ़ी चौरास, रैनबो पब्लिक स्कूल, सेंजो स्कूल, मॉडल स्कूल मंगसू, जीआईसी किलकिलेश्वर, इंटर कालेज विद्यामंदिर मढ़ी ने प्रतिभाग किया।
मेला आयोजक जयकृष्ण भट्ट ने बताया कि इस बार मेले को भव्य रूप देने का प्रयास किया गया है। मेले में इस बार पिछले वर्ष की तुलना में भवय बनाने का प्रयास किया गया है। साथ ही सरकारी विभागों के स्टालों को भी आंमत्रित किया गया है। कार्यक्रम का संचालन शैलेश मलासी ने किया। उद्घाटन अवसर पर डा. प्रताप भंडारी, डा. अरविंद दरमोड़ा, विकासखंड अधिकारी धर्मानदं सकलानी आदि मौजूद थे। मेले के आयोजन में डा. सुभाष पांडे, विनोद चमोली, रामलाल नौटियाल आदि ने सहयोग किया। मेला स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए जाने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।