गोपेश्वर। जिले में शनिवार को विजय दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 1971 में भारत-पाक युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। युद्ध में शामिल होने वाले पूर्व सैनिकों व शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम आशीष जोशी ने शहीद सैनिकों के सम्मान में उनके गांव क्षेत्रों में किए जा रहे विभिन्न विकास योजनाओं एवं सड़कों का नाम शहीद सैनिकों की स्मृति में रखने की बात कही। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी व कार्यक्रम संयोजक कर्नल नवीन डबराल ने बताया कि 1971 में हुए युद्ध में पाकिस्तान के 93 हजार अधिकारियों और सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। चौदह दिनों तक चले इस युद्ध में भारतीय सेना के 3900 सैनिक शहीद तथा ढाई हजार के लगभग सैनिक घायल हुए थे। युद्ध में जिले के 44 सैनिक शहीद हुए जबकि 19 सैनिक घायल हुए थे। युद्ध में वीरता का परिचय देने वाले जिले के 11 सैनिकों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इस मौके पर कर्नल डीएस बपवाल, सुरेंद्र सिंह लिंगवाल, प्रेमबल्लभ भट्ट, मुरारी लाल, फकीर सिंह रावत और युद्धवीर बर्तवाल आदि मौजूद थे।