---------------------
नहीं डालने दिया जाएगा डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा
जवाब देने लगा आंदोलनरत सर्वदलीय समिति का सब्र
कूड़ा हटाने को लेकर 20वें दिन भी जारी रहा धरना
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
शहर के बीचों-बीच डंप किए जा रहा कूड़ा हटाने की मांग को लेकर आंदोलनरत सर्वदलीय संघर्ष समिति का सब्र जवाब देने लगा है। इस बाबत बुधवार को एसडीएम और अधिशासी अधिकारी से वार्ता भी बेनतीजा रही। इससे आक्रोशित समिति सदस्यों ने डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा नहीं डालने देने की चेतावनी दी है।
शहर के बीचों-बीच डंपिंग ग्राउंड से कचरा हटाने व ट्रंचिंग ग्राउंड की व्यवस्था की मांग को लेकर हरिद्वार रोड स्थित नगर निकाय कार्यालय के बाहर आंदोलनरत सर्वदलीय संघर्ष समिति का धरना-प्रदर्शन बुधवार को 20वें दिन भी जारी रहा। इस बाबत आंदोलनरत सर्वदलीय संघर्ष समिति के सदस्यों ने बुधवार के एसडीएम और अधिशासी अधिकारी से वार्ता की, लेकिन कूड़ा हटाने को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई। निकाय प्रशासन ने तर्क दिया कि उनके पास कूड़ा डालने के लिए फिलहाल को स्थान उपलब्ध नहीं है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 20 दिन से चले आ रहे आंदोलन के बावजूद निकाय व स्थानीय प्रशासन अनदेखी कर रहा है। आंदोलनरत सदस्यों ने चेताया कि समिति के सब्र का इम्तिहान नहीं लिया जाए। अब शीघ्र ही कूड़े हटाने के लिए व्यवस्था नहीं की गई, तो सदस्य खुद ही डंपिंग ग्राउंड पहुंचकर कूड़ा डालने वाले निकाय कर्मचारियों को रोकेंगे। इस दौरान समिति के वीरेंद्र शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, जयेंद्र रमोला, शिवमोहन मिश्रा, विमला रावत, हरीश आनंद, कपिल गुप्ता, पंकज गुप्ता, वेदप्रकाश धींगड़ा, कृपाल सिंह, हरिराम वर्मा, उमा ओबराय, तनवीर सिंह, कुलदीप सिंह जस्सल, सीताराम, पुरुषोत्तम दत्त पोसवाल, जयपाल सिंह, सुशील कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
कूड़ेदान न हटाने पर बढ़ रहा आक्रोश
ऋषिकेश। मायाकुंड में केवलानंद चौक से कूूड़दान हटाने की मांग के तहत 16 दिनों से जारी धरना बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहा कि नगर निकाय प्रशासन उनकी अनदेखी कर रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने शीघ्र कूड़ेदान नहीं हटने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। धरने में अंकित गुप्ता, ऋषभ अग्रवाल, रूपेश गुप्त, नरेंद्र कुमार, संदीप शर्मा, संजय बहुगुणा, अर्जुन शाह, निर्मल विश्वास, सुनील गुप्ता, दीप्ति राय, प्रिया, आशू मंडल आदि शामिल रहे।