श्रीनगर। जीपीएल (गढ़वाल प्रीमियर लीग) क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को रंगारंग आगाज होगा। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। जीपीएल का शुभारंभ पूर्व शिक्षा मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री तीरथ सिंह रावत करेंगे। उद्घाटन मैच श्रीनगर और टिहरी के बीच होगा।
21 दिवसीय जीपीएल सीजन-2 का आयोजन जीआईएंडटीआई मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के क्रिकेट मैच श्रीनगर और गौचर में होंगे। जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मैच श्रीनगर में होंगे। इस प्रतियोगिता में 14 टीम प्रतिभाग कर रही हैं।
जीपीएल आयोजन समिति के अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर स्कूली बच्चे मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि पहली बार डे-नाइट मैच भी होंगे।
आयोजन समिति के सचिव कुलवीर उनियाल ने बताया कि प्रतियोगिता को भव्य रूप से आयोजित करने की पूरी तैयारियां की गई हैं। उद्घाटन अवसर पर एक ही मैच खेला जाएगा। जबकि अगले दिन से दो पालियों में मैच खेले जाएंगे। गौचर स्थित खेल मैदान में 13 दिसंबर से मैच शुरू हो जाएंगे।