जोशीमठ। हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा के दौरान लापता हुए दो एनआरआई समेत आठ सिख तीर्थयात्रियों की खोज शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। अलकनंदा के ठंडे पानी में गोताखोर और एसडीआरएफ की टीमें लापता तीर्थयात्रियों और वाहन को ढूंढने में लगी हुई है। हालांकि टीम को अभी तक तीर्थयात्रियों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
शनिवार को टीम ने टैय्या पुल से लेकर मारवाड़ी मोटर पुल तक अलकनंदा में सर्च ऑपरेशन चलाया। बीते शुक्रवार को टीम को अलकनंदा किनारे एक जैकेट सड़ी-गली हालत में मिली थी, जिसकी जेब में एक लापता श्रद्धालु हरपाल सिंह का आधार कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य सामान मिला था। इसके बाद अन्य कोई सबूत नहीं मिल पाया है। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने बताया कि अलकनंदा में आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।