श्रीनगर। प्रगतिशील जनमंच ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति कड़ा आक्रोश जताया है। मंच का कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं के लिए प्रजमं 72 दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहा है। बावजूद इसके अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि से धरना स्थल पर पहुंच कर आंदोलनकारियों से वार्ता तक नहीं की।
एनआईटी के स्थायी कैंपस निर्माण, संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों की तैनाती व क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सहित अन्य मांगा के लिए प्रगतिशील जनमंच लंबे समय से आंदोलित है। प्रजमं के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं के प्रति कतई गंभीर नहीं है। प्रजमं 72 दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन अब तक किसी जन प्रतिनिधि ने आंदोलनकारियों से वार्ता तक नहीं की है। स्वामी ने बताया कि 7 दिसंबर को महापंचायत आयोजित कर आंदोलन की अग्रिम रणनीति तैयार की जाएगी। सोमवार को धरने पर बैठने वालों में सुधाकर भट्ट, गणेश टम्टा, सूर्यकांत ध्यानी, लक्ष्मी गुप्त, गायत्री थपलियाल आदि शामिल थे।