श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिड़ला व चौरास परिसर में छात्रावासों की अव्यवस्थाओं पर छात्रों ने प्रशासनिक भवन पहुंचकर कुलपति का घेराव किया। छात्रों ने विवि के छात्रावास अधीक्षकों पर जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर न होने का आरोप भी लगाया। छात्रों ने चेतावनी दी कि जल्द ही समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को बिड़ला परिसर व चौरास परिसर के छात्रावासों में रह रहे छात्रों ने छात्रसंघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार व सचिव देवकांत देवराड़ी के नेतृत्व में प्रशासनिक भवन में कुलपति का घेराव किया। छात्रों ने कहा कि किसी भी छात्रावास में गीजर नहीं लगे हैं। छात्र कड़ाके की ठंड में ठंडे पानी से नहाने को मजबूर हैं। छात्रावासों में चारों ओर गंदगी है। सफाई की उचित व्यवस्था नहीं है। छात्रों ने कहा कि उन्हें किसी भी छात्रावास में स्तरीय पत्र-पत्रिकाएं नहीं मिलती हैं। जबकि वह कई बार प्रशासन को इस बारे में अवगत करा चुके हैं। छात्रों ने हॉस्टल वार्डन पर भी कार्य के प्रति गंभीरता न बरतने का आरोप भी लगाया। इस दौरान छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में आयुष मियां, अतुल सती, एकता, शिवानी पांडे, नीरज रैम्स आदि शामिल थे।