फाइल फोटो नेम-
नुक्कड़ नाटक से दिया गंगा स्वच्छता का संदेश
-- स्पर्श गंगा अभियान के स्वयंसेवकों ने किया लोगों को जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत स्पर्श गंगा अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों ने मोक्षदायिनी की स्वच्छता के लिए त्रिवेणीघाट पर नुक्कड़ नाटक का मंचन कर लोगों को गंगा एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में जर्मन सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने भी शिरकत की। उन्होंने अभियान के सदस्यों के साथ मिलकर घाट पर सफाई अभियान भी चलाया। रविवार को त्रिवेणीघाट पर स्पर्श गंगा अभियान से जुड़े सदस्यों ने लोगों को गंगा स्वच्छता को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से लोगों से मोक्षदायिनी में बढ़ते प्रदूषण से अवगत कराया गया।
लोगों से गंगा को निर्मल और अविरल बनाने का आह्वान किया गया। स्वयंसेवकों के साथ जर्मन डेलीगेशन ने त्रिवेणीघाट पर सफाई अभियान चलाकर देश-दुनिया से गंगा पूजन और दर्शन को पहुंचे लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान अभियान के सदस्यों ने गढ़वाली लोक नृत्यों की प्रस्तुति भी दी, जिससे जर्मन डेलीगेशन में शामिल डिप्टी अंबेसडर डा. विक व अन्य अधिकारी काफी उत्साहित नजर आए। अभियान की सदस्य मीनाक्षी मैठाणी ने बताया कि डेलीगेशन ने स्पर्श गंगा अभियान के कार्यक्रमों का फीडबैक लिया। उन्होंने अभियान के माध्यम से गंगा स्वच्छता के लिए काम करने की इच्छा भी जताई। मौके पर कोमल राजपूत, सरोज डिमरी, मीनाक्षी मैठाणी, मनोज बनवाल, जॉनी लांबा, डा. राजेश नैथानी, नीरज रावत, नेहा नेगी, शिखर पालीवाल, अनीता तिवाड़ी, गुड्डी कलूड़ा, कपिल गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद थे।