श्रीनगर। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित हो रहे गढ़वाल प्रीमियर लीग (जीपीएल) सीजन टू क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए सभी 14 प्रतिभागी टीमों की नई जर्सी लांच हो गई है। 10 दिसंबर से श्रीनगर और गौचर में शुरू होने जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता में सभी टीम निर्धारित यूनिफार्म पहनेंगी।
रविवार को जीपीएल कमेटी ने टीम मालिकों के साथ नई जर्सी का अनावरण किया। कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली ने कहा कि कमेटी पहाड़ में खेल को बढ़ावा देने और रचनात्मक तरीके से क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजन की दिशा में काम कर रही है। कमेटी के उपाध्यक्ष विजयनंद बहुगुणा ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से युवाओं को एक अच्छा अवसर प्रदान होता है। सचिव कुलवीर उनियाल ने बताया कि पिछले वर्ष आठ टीमों को जीपीएल में जोड़ा गया था। इस बार छह नई टीमें जीपीएल में खेल रही हैं। प्रत्येक टीम को अलग-अलग जर्सी दी गई है। इस अवसर पर प्रदीप रौथाण, जयदीप भट्ट, जितेंद्र राणा, नीरज रावत व महेंद्र सिंह राणा आदि ने विचार रखे।
डीडीसीए पैनल के होंगे अंपायर
जीपीएल में इस बार दिल्ली जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) पैनल के अंपायर होंगे। इसके साथ ही पूरा मैच थर्ड अंपायर की निगरानी में खेला जाएगा। कुलवीर उनियाल ने बताया कि लेखराज, धर्मेंद्र चौधरी और गोपाल नेगी डीडीसीए से मान्यताप्राप्त अंपायर हैं।
श्रीनगर और टिहरी के बीच होगा उद्घाटन मैच
जीपीएल सीजन-2 का उद्घाटन मैच श्रीनगर स्मैशर्स व टिहरी स्कोचर्स के मध्य खेला जाएगा। क्वार्टर फाइनल मैच 26 व 27 दिसंबर और सेमीफाइनल मुकाबले 29 व 30 दिसंबर को होंगे। फाइनल मुकाबला 31 दिसंबर को खेला जाएगा। सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे। पहाड़ में डे-नाइट मैच का यह पहला प्रयोग है।
12 मैच होंगे गौचर खेल मैदान में
जीपीएल सीजन-2 जीआईएंडटी मैदान श्रीनगर और गौचर खेल मैदान में खेले जाएंगे। आयोजन समिति ने मैचों की सूची जारी कर दी है। 10 दिसंबर से श्रीनगर में मैच शुरू होंगे। वहीं गौचर में 13 दिसंबर से मैच शुरू होंगे। गौचर में 12 मैच खेले जाएंगे, जबकि श्रीनगर मेें 37 मैच खेले जाएंगे।