श्रीनगर। यहां राज्य स्तरीय योग ओलंपियाड में पतंजलि योग पीठ आचार्य कुलम और उत्तरांचल संस्कृत विवि के छात्र/छात्राओं ने विभिन्न योगाभ्यासों का बेहतर प्रदर्शन किया। चौरास परिसर के प्रेक्षागृह में रविवार को आयोजित योग ओलंपियाड में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 250 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
गढ़वाल विवि के योग विभाग की ओर से आयोजित विभिन्न आयु वर्गों की योग ओलंपियाड प्रतिस्पर्धा का डा. रजनी नौटियाल के मंत्रोच्चारण के साथ शुभारंभ हुआ। इस मौके पर 10 से 14 आयु वर्ग की महिला स्पर्धा में सोम्या प्रथम, कविता द्वितीय व दीपा वैदिक कुलम मुल्यागांव तृतीय रही। पुरुष वर्ग में आचार्य कुलम हरिद्वार के अनमोल प्रथम, विशेष द्वितीय व अभिषेक तृतीय रहे। 15 से 24 आयु वर्ग की महिला स्पर्धा में बीसीसी श्रीनगर की अर्चना प्रथम, संस्कृत विद्यालय हरिद्वार की छाया द्वितीय व आयुर्वेदिक कालेज देहरादून की मनीषा तृतीय रही। पुरुष वर्ग में बीसीसी श्रीनगर के कविंद्र प्रथम, अंकित द्वितीय व गुरुकुल कांगड़ी विवि हरिद्वार के नवीन तृतीय रहे। 25 आयु वर्ग से ऊपर की प्रतिस्पर्धा में हरिद्वार की चित्रा प्रथम, श्रीनगर की दीपिका द्वितीय व कविता तृतीय रही, जबकि पुरुष वर्ग में सुधीर प्रथम, विजेंद्र द्वितीय व विरेन तृतीय रहे। ओलंपियाड के आयोजक डा. विनोद नौटियाल ने बताया कि ओलंपियाड के सभी चयनित प्रतिभागी 29 दिसंबर को विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान बंगलूरू में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो.जेपी पचौरी, विशिष्ट अतिथि प्रो. दिनेश सकलानी, डा. अक्षय गौड़, राजेंद्र नौटियाल, डा. सुरेंद्र रयाल, मीनाक्षी राणा, डा. पूजा नौटियाल आदि मौजूद थे।