चौरासी कुटिया के अतीत से कराएंगे रू-ब-रू
बैंड ग्रुप ‘बीटल्स’ से जुड़ी फोटो गैलरी बनाने के लिए महेश योगी संस्थान देगा सहयोग
संस्थान के प्रतिनिधियों ने चौरासी कुटिया का भ्रमण कर ली जानकारी
हेमवती नंदन भट्ट
ऋषिकेश।
तीर्थनगरी में महर्षि महेश योगी की तप स्थली चौरासी कुटिया में अंतरराष्ट्रीय बैंड ग्रुप ‘बीटल्स’ से जुड़ी फोटो गैलरी बनाने की प्रस्तावित योजना को वन विभाग की मदद के लिए महेश योगी संस्थान आगे आया है। अब विभाग की गैलरी के निर्माण में रखी जाने वाले अतीत के फोटो को जुटाने में मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। इसके लिए संस्थान ने ही वन विभाग को मदद की पेशकश की है।
हाल ही में महेश योगी संस्थान के प्रतिनिधियों ने तीर्थनगरी के स्वर्गाश्रम स्थित चौरासी कुटिया का भ्रमण किया। उन्होंने यहां राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के निदेशक के साथ इस मुद्दे पर बातचीत की। पार्क प्रशासन चौरासी कुटिया में अंतरराष्ट्रीय बैंड ग्रुप बीटल्स बैंड के सदस्यों के आगमन से जुड़े पलों को अंतरराष्ट्रीय धरोहर के तहत फोटो गैलरी के रूप में संजोना चाहता है।
गौरतलब है कि चौरासी कुटिया में 1968 में विश्व का ध्यान तब खींचा था, तब यहां दुनिया के मशहूर म्यूजिकल ग्रुप बीटल्स के सदस्य देवभूमि पर अपने आध्यात्मिक गुरु महेश योगी की तप स्थली आए थे। पार्क प्रशासन ने इन्हीं यादों को संजोने के लिए फोटो गैलरी निर्माण की योजना तैयार की है। इसकी जानकारी मिलने पर महर्षि संस्थान के ट्रस्टी आनंद श्रीवास्तव यहां आए। उन्होंने कुटिया में वन विभाग की गैलरी बनाने की इस पहल का स्वागत किया और संस्थान की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।
फोटो उपलब्ध कराने पर सहमति
राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के निदेशक सनातन सोनकर का कहना है कि फोटो गैलरी योजना को लेकर महेश योगी संस्थान के अधिकारियों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है। जिसमें संस्थान ने संबंधित फोटो उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है।
कुछ ही लोगों के पास हैं फोटो
विषय के जानकार राजू गुसाईं ने बताया कि संबंधित विषय के पुराने फोटो कुछ ही लोगों के पास हैं। विभाग के लिए उन्हें प्राप्त करना व खरीदना आसान नहीं था।
तीन खंडों में होगी फोटो गैलरी
ऋषिकेश। चौरासी कुटिया में बनाई जाने वाली अंतरराष्ट्रीय फोटो गैलरी तीन सेक्शन (खंडों) में तैयार की जाएगी। प्रथम खंड में महर्षि महेश योगी के संदर्भ से जुड़ी फोटो प्रदर्शनी शामिल होगी। दूसरे खंड में बीटल्स ग्रुप के ऋषिकेश दौरे की तस्वीरों को प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि तीसरे खंड में राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क क्षेत्र की जैव विविधता से जुड़े चित्रों की प्रदर्शनी होगी।
चौरासी कुटिया
ऋषिकेश। महर्षि महेश योगी की चौरासी कुटिया में अगले वर्ष बीटल्स ग्रुप के आगमन के 50 वर्ष पूरे होंगे, जिसको लेकर बीटल्स प्रशंसकों में उत्साह है। बीटल्स के इंग्लैंड के लीवर पूल शहर स्थित बीटल्स स्टोरी में वर्षभर बीटल्स इन इंडिया कार्यक्रमों की श्रंखला प्रस्तुत की जानी है। इस कार्यक्रम की प्लानिंग को लेकर इसी साल की शुरुआत में बीटल्स स्टोरी के कुछ अधिकारी तीर्थनगरी में चौरासी कुटिया का भ्रमण कर चुके हैं। गौरतलब है कि 1968 में बीटल्स ग्रुप के रिंगो स्टार ने महेश योगी के शंकराचार्य नगर आश्रम चौरासी कुटिया में 10 दिन, पॉल मैकाट्नी पांच हफ्ते, जॉन लेनन व जॉन हैरिसन ने यहां आठ हफ्ते प्रवास किया था। उस दौरान उन्होंने यहां दो दर्जन से अधिक गीत तैयार किए थे।