श्रीनगर। जाम में फंसे वाहन मे बुजुर्ग मरीज की मौत पर डा. बीपी नैथानी संबंधित विभाग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराएंगे। डा. नैथानी ने इस संबंध में प्रशासन को अवगत कराया है।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एसएसबी गेट के समीप जाम में फंसे एक वाहन में बीमार बुजुर्ग की मौत हो गई थी। बीमार बुजुर्ग को परिजन उपचार के लिए बेस अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन करीब 4 किमी पहले एसएसबी गेट के समीप उनका वाहन जाम में फंस गया था। यहां पर सड़क चौड़ीकरण के लिए पेड़ काटे जा रहे थे। मृतक के भतीजे मदन रावत ने का कहना था कि उन्होंने वहां मौजूद विभागीय कर्मियों व मजदूरों से वाहन को निकाले जाने की मिन्नते भी की, लेकिन किसी ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। जिससे उनके चाचा की वाहन में ही मौत हो गई।
सामाजिक कार्यकर्ता डा. बीपी नैथानी ने डीएम को ज्ञापन भेजकर संबंधित विभाग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी। डा. नैथानी ने कहा कि पेड़ कटान के नाम पर बेवजह लोगों को परेशान किया जा रहा है। कहा कि वह बीमार व्यक्ति की मौत के मामले में संबंधित विभाग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराएंगे। ब्यूरो