अमर उजाला ब्यूरो
बहादराबाद।
ब्लॉक बहादराबाद के गांव सलेमपुर महदूद की ग्राम पंचायत राजपूत विहार रामनगर कालोनी का संपर्क मार्ग करीब 10 वर्षों से क्षतिग्रस्त है। मार्ग निर्माण के लिए कालोनीवासी धरना- प्रदर्शन तक कर चुके हैं। बावजूद इसके इस मार्ग पर निर्माण के नाम पर एक भी ईंट नहीं लगी है।
ग्राम प्रधान कविता पाल का कहना है कि उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर से सड़क का प्रस्ताव बनाकर ब्लाक एवं जिला योजना के लिए भेजा। बजट मिलते ही यहां सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीण रामवीर राणा, सुरेश पाल, नोरतु, विनय कुमार, बबलू कुमार, सतीश कुमार आदि ने बताया कि उनकी कालोनी की करीब 500 लोगों की आबादी है। कालोनी में निकासी के लिए नालियां नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। ब्रह्मपुरी गांव से सलेमपुर चौक तक कालोनी की लगभग 700 मीटर सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त है। मोहित राणा, राजवीर सिंह, सुनील कुमार, अंशु चौहान, अमित चौहान, राजपाल ने बताया कि कालोनी की पांचों सड़कें बेहद खराब है। ग्राम प्रधान के चक्कर काटने के बाद एकमात्र सड़क बनवाई गई है। ओमवती, विजयलक्ष्मी, सुनीता, ज्योति, रजनी, आशा ने कहा कि घरों में हर रोज जमा पानी की बदबू आती है। जिससे मक्खी मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है रावलीमहदूद, रामनगर, मुल्की नगर का पानी भी उनके घरों से होकर निकलता है।