श्रीनगर। पंचायत महाकुंभ में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय की ओर से दिए गए बयान से आक्रोशित उत्तराखंड छात्र संगठन ने मंत्री का पुतला फूंका। संगठन ने मंत्री के बयान को महिलाओं का अपमान बताते हुए मुख्यमंत्री से पांडे को मंत्री पद से हटाने और प्रदेश की मातृशक्ति से माफी मांगने की मांग की।
रविवार को उक्रांद की छात्र विंग उत्तराखंड छात्र संगठन ने स्थानीय गोलापार्क में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले दिनों शिक्षा मंत्री ने पंचायत महाकुंभ में आपत्तिजनक बयान दिया। इससे मातृ शक्ति की भावनाओं और सम्मान को गहरी ठेस पहुंची है। ऐसे बयानों की हर मंच पर घोर निंदा की जानी चाहिए। उक्रांद (युवा) टिहरी जिलाध्यक्ष नेता गणेश भट्ट ने कहा कि अगर शिक्षा मंत्री को शीघ्र पद से नही हटाया गया तो प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों मेें संगठन के नगर प्रभारी उपदेश बिष्ट, कीर्तिनगर प्रभारी संदीप रावत, निशांत, गुरुदेव रतूड़ी, सज्जन पंवार, मानेंद्र राणा, आनंद गड़िया, संगीत कोटियाल, नवीन गड़िया, दिनेश राणा, हिमांशु नेगी व अनूप रावत आदि शामिल थे।