श्रीनगर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार को राजधानी पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। दो राजधानियों की धारणा दासता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सेवाओं में उत्तराखंड को आरक्षण मिलने के साथ ही बिजली और गैस में उत्तराखंड वासियों को 50 फीसदी सब्सिडी मिलनी चाहिए।
शनिवार को स्थानीय जीएमवीएन गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि पानी राज्य की बड़ी पूंजी है। यहां की नदियों पर बनी जल विद्युत परियोजनाओं पर राज्य का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य का करीब 63 फीसदी भाग वन है। यहां के लोगों को ग्रीन बोनस मिलना चाहिए। इसके तहत उत्तराखंड वासियों को बिजली और गैस में 50 फीसदी सब्सिडी दी जानी चाहिए। उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार की सेवाओं में उत्तराखंड को आरक्षण दिया जाना चाहिए। राजधानी के मामले में उन्होंने कहा कि वह दो राजधानियों के पक्ष में नहीं है। राज्य की राजधानी एक ही है। दो राजधानियों की धारणा दासता का प्रतीक है। उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड को केवल पांच सांसद देने वाला राज्य न समझा जाए। केंद्र सरकार को उत्तराखंड का सामरिक महत्व समझना होगा। प्रेस वार्ता में प्रदीप तिवाड़ी, पंकज रतूड़ी गणेश भट्ट, बी विजय रावल, उम्मेद सिंह, नाथूलाल टम्टा, भगत डागर, परवेज अहमद मौजूद थे।