कीर्तिनगर। स्वच्छ भारत मिशन को लेकर नगर पंचायत ने कड़ा रूख अख्तियार कर लिया है। नगर पंचायत की ओर से जहां घरों से कूड़ा एकत्र करने के लिए कर्मियों को घर-घर भेजा जा रहा है, वहीं कूड़ा इधर-उधर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
नगर की विषम भौगोलिक स्थिति के कारण कई घर सड़क मार्ग से करीब 100 से 400 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे इन घरों का कूड़ा निस्तारण नगर पंचायत के लिए समस्या बनी थी। अब नगर पंचायत ने शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप अपने सफाई कर्मियों को निकाय क्षेत्र के सभी घरों से कूड़ा एकत्र करने के निर्देश जारी कर दिए है। सफाई कर्मियों की ओर से भी घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र कर घरों के कूड़े को डंपिंग यार्ड तक पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस सुविधा के बाद नगर पंचायत की ओर से सड़क, नालियों और घर के आस-पास कूड़ा फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई है। अधिशासी अधिकारी बलवंत सिंह बिष्ट ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत घरों से कूड़ा उठाने के लिए कर्मियों को आदेश जारी कर दिए गए है। बताया कि नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार घरों से कूड़ा उठाने पर प्रत्येक परिवार को हर माह 20 रुपये और दुकानदार को 30 रुपये देने होंगे। ब्यूरो