श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर की 9 ग्राम पंचायतों की 11 बस्तियों व देवप्रयाग की 3 बस्तियां अब शीघ्र ही बिजली की रोशनी से जगमगाने लगेंगी। विभाग की ओर से प. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत इन गांवों के विद्युतिकरण से पूर्व सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है।
वर्षों से विद्युतिकरण की मांग कर रहे विकासखंड कीर्तिनगर के ग्राम पंचायत चिलेड़ी की खोबडियाल, तागला व भवालीखाल, ग्राम पंचायत कोटी जखेड़ के कोरणा व सुमाड़ी, जाखी के बागड़ी, मुडोली के सिमली, पल्यापटाला के कमेड़ा, रिंगोली के कमरगढ़ व थाती डागर की सिल्ल, दलख्यारी, पोथ, कुलेडी आदि बस्तियों के साथ ही विकासखंड देवप्रयाग की ग्राम पंचायत बौंठ का घराट, ग्राम पंचायत उनाना की मरोड़ा व बाड़ियों के निवासियों का वर्षों पुराना विद्युतिकरण का सपना अब पूरा हो सकेगा। प्रधान असाड़ी देवी, सुमन पुंडीर, कुंवर सिंह व सरोजनी देवी बताती है कि विद्युतिकरण के लिए वर्षों से मांग की जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। थाती डागर की प्रधान असाड़ी देवी बताती है कि उनके गांव के एक दर्जन तोकों के लोक लैंप के सहारे रातें बीता रहे हैं। विद्युत वितरण खंड के ईई एसके सहगल का कहना है कि दोनों विकासखंडों के एक दर्जन तोकों का प. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत पुन: सत्यापन के लिए सर्वेक्षण कर लिया गया है। शीघ्र ही कार्यदायी एजेंसी ग्रामीण विद्युतिकरण खंड देहरादून की ओर से कार्य शुरू किया जाएगा।