अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रुड़की कचहरी में हुए शूटआउट के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा इंतजामों को लेकर खड़े हुए सवाल के बाद पुलिस हरकत में आई है। मंगलवार को हरिद्वार कोर्ट के दो एंट्री प्वाइंट पर मेटल डिटेक्टर गेट लगा दिए गए। इधर, जिला जज, एसएसपी और एसडीएम ने भी कचहरी कैंपस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सोमवार को गैंगस्टर देवपाल राणा के कत्ल के बाद कचहरी परिसर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। शूटआउट के बाद ही तय हो गया था कि कचहरी कैंपस की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। मंगलवार को इसका असर भी देखने को मिला। हरिद्वार कोर्ट के दो एंट्री प्वाइंट पर मेटल डिटेक्टर गेट लगा दिए गए। हर आने जाने वाले की चेकिंग होती रही। पुलिस की सघन चेकिंग से हलचल सी मची रही। इधर, जिला जज राजेंद्र सिंह चौहान एसएसपी कृष्ण कुमार वीके एवं एसडीएम मनीष सिंह ने पूरे कचहरी कैंपस का निरीक्षण किया। कचहरी से सटे ढाबे एवं चाय की दुकानें भी हटाने की बात तय हुई और पार्किंग की भी चाहरदीवारी बनाने की बात पर विचार विमर्श हुआ।
बार संघ लगाएगा 16 कैमरे
जिला बार संघ ने कचहरी कैंपस में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने की हामी भरी है। बार संघ अध्यक्ष जसमहेंद्र सिंह मोंटू ने बताया कि 16 सीसीटीवी कैमरे जल्द लगाए जाएंगे। बार संघ कार्यालय से ही सीसीटीवी कैमरे की मॉनीटरिंग होगी।