गोपेश्वर। दशोली ब्लॉक के किरुली, चांतोली और गड़ोरा के ग्रामीणों ने गड़ोरा-किरुली सड़क के निर्माण की मांग पर ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई और जिला प्रशासन के विरोध में नारेबाजी का धरना दिया। पीएमजीएसवाई सहायक अभियंता के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
मंगलवार सुबह 10 बजे किरुली, चांतोली और गड़ोरा के ग्रामीण जुलूस की शक्ल में ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी कर जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद विभाग के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010-11 में पीएमजीएसवाई की ओर से गडोरा-किरुली मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया था। लेकिन आठ वर्षों बाद भी विभाग की ओर से मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका। इसके चलते ग्रामीण प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। साथ ही विभाग की ओर वर्तमान तक मोटर मार्ग निर्माण के लिये अधिग्रहीत नाप भूमि का भी भुगतान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने शीघ्र मांग पर कार्रवाई न होने पर क्रमबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। पीएमजीएसवाई सहायक अभियंता तनुज काम्बोज ने बताया कि आगामी 27 नवंबर से मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने और शीघ्र मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण करने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख अयोध्या प्रसाद हटवाल, हरीश पुरोहित, हरिबोधनी खत्री, सुजान सिंह, पूरन सिंह, रणजीत लाल, दयाल लाल, शिव लाल, प्रकाश लाल, गोदाम्बरी देवी, बसंती देवी और नर्मदा देवी आदि मौजूद थे।