पौड़ी/श्रीनगर। अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर आज (बुधवार) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू में निशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में मरीजों की पैथोलॉजी जांच और नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, विजय डेंटल क्लीनिक श्रीनगर, कुलानंद मुंडेपी नेत्र प्रशिक्षण संस्थान पौड़ी और डीपीएमआई पौड़ी सहयोग कर रहे हैं।
सीएमओ पौड़ी डा. आरएस राणा ने बताया कि खिर्सू में होने वाले शिविर में जिला अस्पताल पौड़ी से स्त्री रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। इसके अलावा संयुक्त अस्पताल श्रीनगर के फिजीशियन भी सेवाएं देंगे। शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष सहायक प्रो. अच्युत नारायण पांडे, कम्युनिटी मेडिसिन के सहायक प्रोफेसर डा. वेकेंट रेड्डी, और बाल रोग विभाग के सहायक प्रो. वरुण तिवाड़ी रोगियों की जांच करेंगे।
विजय डेंटल क्लीनिक श्रीनगर के डा. हरीश भट्ट दंत रोगियों का परीक्षण करेंगे। कुलानंद मुंडेपी नेत्र प्रशिक्षण संस्थान पौड़ी के विशेषज्ञ आंखों का परीक्षण करेंगे। डीपीएमआई पौड़ी की ओर से मरीजों का शुगर, ब्लड ग्रुप और हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी। अमर उजाला फाउंडेशन और न्यू सन मेडिसिन श्रीनगर की ओर से मरीजों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।