मैक्स खाई में गिरने से पांच लोग जख्मी
-- अज्ञात वाहन की साइड लगने से हुआ हादसा
-- पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में कराया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। यमकेश्वर विकासखंड में लक्ष्मणझूला-कांडी मोटर मार्ग पर दिउली से ऋषिकेश आ रही एक मैक्स सोमवार सुबह खैरखाल के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में चार महिलाओं समेत पांच लोग जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ऋषिकेश एसपीएस सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान चालक दीवान सिंह सहित रुकमणि देवी (90) पत्नी स्व. रघुवीर दत्त, निवासी बिनक, यमकेश्वर, सुमन (33) पत्नी धनवीर, निर्मला देवी (49) पत्नी गोपाल, मुन्नी देवी (34) पत्नी प्रकाश सभी निवासी मराल, यमकेश्वर के रूप में हुई है।
लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे लक्ष्मणझूला-कांडी रोड पर दिउली से ऋषिकेश की ओर आ रही मैक्स को खैरखाल के समीप अज्ञात वाहन ने साइड मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर करीब 30 फुट नीचे खाई में गिर गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को खाई से बाहर निकालकर निजी वाहनों से ऋषिकेश के एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
थानाध्यक्ष प्रदीप राणा ने बताया कि मैक्स चालक दीवान सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी दिउली, यमकेश्वर को हल्की चोटें आई हैं। चालक का मौके पर ही उपचार कराया गया। बताया कि चालक की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। लिखित तहरीर मिलने पर अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।