जोशीमठ। ऑल वेदर रोड को लेकर आयोजित तहसील प्रशासन, बीआरओ और स्थानीय लोगों की बैठक एक बार फिर बेनतीजा रही। बैठक में जहां स्थानीय लोगों ने जोशीमठ को जोड़ते हुए ऑल वेदर रोड के निर्माण की बात कही, वहीं बीआरओ के अधिकारियों ने ऑल वेदर रोड का निर्माण हेलंग से मारवाड़ी करने की बात कही गई। इस पर स्थानीय लोग नाराजगी जताते हुए बैठक को बीच में छोड़कर ही चले गए।
शनिवार को तहसील प्रशासन की ओर से ब्लॉक सभागार में ऑल वेदर रोड योजना के तहत प्रस्तावित हेलंग-मारवाड़ी बाईपास के निर्माण को लेकर बैठक बुलाई थी। बैठक में स्थानीय लोगों ने प्रशासन को ऑलवेदर रोड को जोशीमठ नगर से जोड़ते हुए बनाने की बात कही। लोगों ने प्रशासन को विकल्प के रूप में जोशीमठ चुंगी, ओएनपी होते हुए मारवाड़ी और औली रोड से होते हुए गैस गोदाम तक मार्ग बनाने की बात कही, लेकिन प्रशासन ने इन प्रस्तावों को लेकर कोई स्पष्ट रुख नहीं दिखाया। बीआरओ के द्वितीय कमान अधिकारी पीसी सरकार ने हेलंग-मारवाड़ी बाईपास मोटर मार्ग बनाने की हिमायत की तो इस पर स्थानीय लोग नाराज होकर बैठक से बाहर चले गए। अपर जिलाधिकारी ईलागिरी ने कहा कि स्थानीय लोगों के प्रस्तावों व सुझावों को उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम योगेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रोहणी रावत, रमेश सती, चंद्रशेखर वशिष्ठ, संजय कुमार, नैन सिंह भंडारी, अमित सती और ठाकुर सिंह राणा आदि मौजूद थे।