जोशीमठ। ब्लॉक के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 81 नेपाली छात्र-छात्राओं के भी आधार कार्ड बनाए गए हैं। नियमत: भारतीय नागरिक का ही आधार कार्ड बनाया जाता है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो शिक्षा महानिदेशक के निर्देश पर ही सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाने थे। इसी आधार पर विद्यालयों ने नेपाली मूल के छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र जारी किए जिस आधार पर उन्होंने अपने आधार कार्ड बनवा लिए।
आधार कार्ड बनवाने वाले व्यक्ति का भारतीय मूल का होना पहली पात्रता है। ऐसे में भारत की नागरिकता लिए बिना विदेशी मूल के व्यक्ति का आधार कार्ड नहीं बन सकता है, लेकिन जोशीमठ ब्लॉक के विद्यालयों में अध्ययनरत 81 नेपाली मूल के छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड बने हैं।
शिक्षा महानिदेशक की ओर से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के आधार आवश्यक रूप से बनाने के आदेश दिए गए थे। आदेश में आधार कार्ड न होने पर छात्रों को परीक्षा से वंचित रखने की बात कही गई थी। इसे देखते हुए विद्यालयों द्वारा नेपाली मूल के छात्रों को प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं, जिस आधार पर उन्होंने अपने आधार कार्ड बनवा लिए।-नरेश हल्दियानी, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) चमोली।
जोशीमठ ब्लॉक के विद्यालयों द्वारा जारी प्रमाण पत्र के आधार पर नेपाली मूल के छात्रों के आधार कार्ड बनने का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द मामले में कार्रवाई की जाएगी।-योगेंद्र सिंह, एसडीएम, जोशीमठ।