अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
धर्मनगरी के मुस्लिम युवाओं ने सामाजिक सौहार्द एवं हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की है। मुस्लिम युवाओं ने बीमारी से मृत गाय को न सिर्फ दफनाने में मदद की वरन गाय के शव पर फूल भी चढ़ए। चौंकाने वाली बात यह रही कि गोरक्षा की दुहाई देने वाले संगठन सूचना देने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचे।
विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार के कार्यकारी अध्यक्ष चरनजीत पाहवा ने हिंदू संगठनों एवं गो रक्षा की दुहाई देने वाले संगठनों पर हमला बोलते हुए कहा कि हकीकत यह है कि इन लोगों का गोमाता से कोई सरोकार नहीं है। गो रक्षा के जिलाध्यक्ष को भी सड़क पर मृत गाय की सूचना देने के बाद भी उन्होंने कोई पहल नहीं की। तब पाहवा ने नगर निगम के स्वाथ्य अधिकारी को सूचित किया। बाद में मृत गाय के शव को जेसीबी से मुस्लिम युवकों के सहयोग से उठवाया। श्यामनगर कालोनीवासियों ने मृत गाय के शव को उठाने में पूरी मदद की। मुस्लिम युवकों ने मृत गाय के शव को दफनाने में भी मदद की। कई मुस्लिम युवकों ने तो गो माता के शव पर चादर एवं फूल भी चढ़ाए। गोमाता के अंतिम संस्कार में फारुख कुरैशी, दिलशाद कुरैशी, श्यामसुंदर शर्मा, बारू कुरैशी, संदीप शर्मा, चंद्रशेखर चौहान जैसे युवाओं ने सहयोग किया।