श्रीनगर। पालिका सभासद जितेंद्र रावत ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले में मिले गोल्ड मेडल की धनराशि को गरीब बेटियों की शादी के लिए जरूरतमंद परिवारों को वितरित किया। जितेंद्र रावत को बैकुंठ चतुर्दशी मेेले में सर्वश्रेष्ठ मेला प्रभारी के पुरस्कार स्वरूप जिलाधिकारी गोल्ड मेडल से पुरस्कृत किया गया था। मेडल की कीमत करीब 32 हजार थी।
सभासद जितेंद्र रावत ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले में सभासदों को गोल्ड मेडल दिए जाने की पंरपरा को भी गलत बताया था। रावत का कहना था कि मेला पालिका की ओर से आयोजित किया जाता है। सभासद मेला आयोजक होते हैं। ऐसे में सभासदों को गोल्ड मेडल दिया जाना तर्कसंगत नहीं हैं। सर्वश्रेष्ठ मेला प्रभारी का गोल्ड मेडल मिलने पर रावत ने घोषणा की थी कि वह मेडल की धनराशि के अलावा 11 हजार और धनराशि जोड़ कर गरीब बेटियों की शादी के लिए जरूरतमंद परिवारों को देंगे। बुधवार को जितेंद्र रावत ने 43 हजार की धनराशि 7 गरीब बेटियों व एक गरीब युवक को भेंट की। इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन, अतर सिंह असवाल, हयात सिंह झिंक्वाण, कैलाश कपरवाण, पंकज सती, दिनेश असवाल आदि मौजूद थे।