श्रीनगर। संयुक्त अस्पताल में तैनाती के आदेश के बावजूद चिकित्सकों ने अभी तक ज्वाइनिंग नहीं दी है। सीएमओ ने 2 नवंबर को कोटद्वार में तैनात एक चिकित्सक को संयुक्त चिकित्सालय में स्थानांतरित किए जाने के आदेश जारी किए थे।
संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों की तैनाती के लिए स्थानीय निवासी लंबे समय से आंदोलनरत हैं। प्रगतिशील जन मंच संयुक्त अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन भी कर रहा है। जून में संयुक्त अस्पताल से एक साथ 4 चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया गया था। स्थानीय निवासियों के आक्रोश को देखते हुए स्थानीय विधायक और उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने यहां चार चिकित्सकों को भेेजने की बात कही थी, लेकिन किसी को नहीं भेजा गया। इस पर प्रगतिशील मंच ने 2 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी मेले के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के शहर में पहुंचने पर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। मुख्यमंत्री का विरोध न हो इसके लिए विभाग ने 2 नवंबर की सुबह यहां एक चिकित्सक की तैनाती के आदेश जारी किए थे, लेकिन आदेश जारी होने के 10 दिन बाद भी उक्त चिकित्सक ने अभी तक तैनाती नहंी दी है। विभागीय अधिकारियों ने इस बात को माना है कि उक्त चिकित्सक को श्रीनगर न भेजे जाने के लिए सिफारिश भी की गई। सीएमओ डॉ. आरएस राणा ने बताया कि चिकित्सक को तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही उक्त चिकित्सक अस्पताल में तैनाती दे देंगे।