अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
राजाजी नेशनल पार्क के हाथी, टाइगर समेत अन्य वन्य जीव अब चिल्लावाली रेंज में पूरी आजादी के साथ विचरण कर सकेंगे। वजह चिल्लावाली रेंज से सभी वन गुर्जरों के पुनर्वास का काम पूरा होना है। अब पार्क के दूसरे रेंज से भी वन गुर्जरों के पुनर्वास की प्रक्रिया तेज हो गई है।
राजाजी नेशनल पार्क के चिल्लावाली रेंज में 160 वन गुर्जर परिवार रहते थे। इन वन गुर्जरों को पार्क से बाहर पुनर्वासित करने की कवायद कई साल से जारी थी, लेकिन सफलता नही मिल पाई। अब चिल्लावाली रेंज से सभी वन गुर्जरों का पथरी क्षेत्र में पुनर्वास कर दिया गया है। राजाजी नेशनल पार्क के चिल्लावाली रेंज के वार्डेन अजय शर्मा ने बताया कि रेंज के सभी वन गुर्जरों को विस्थापित कर दिया गया है। अब बाकी रेंज के वन गुर्जरों के विस्थापन की प्रक्रिया जारी है। पार्क के भीतर गुर्जर बस्तियों के होने से जहां वन्य जीवों को विचरण मेें दिक्कतेें आ रही थी, वहीं समय- समय पर टाइगर, हाथी जैसे जानवर का वन गुर्जरों पर हमले के मामले भी सामने आए। ऐसे में इन वन गुर्जरों के विस्थापन का निर्णय लिया गया। जिसके तहत इन वन गुर्जरों को आशियाना मुहैया कराने के साथ ही खेती की जमीन भी दी जा रही है, ताकि वे जीवन यापन कर सकें।