कर्णप्रयाग। समर स्मारक इंटर कालेज में आयोजित वार मेमोरियल शताब्दी समारोह समिति की बैठक में यूथ फाउंडेशन के कर्नल अजय कोठियाल शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्कूल के पुराने छात्रावास को आबाद करने के लिए यहां भर्ती प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने के प्रयास किए जाएंगे। कर्नल कोठियाल ने खुद को शताब्दी समारोह में सदस्य बनने की इच्छा जताते हुए आयोजन में सक्रिय भागीदारी करने की बात कही।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने कर्नल कोठियाल को बताया कि प्रथम विक्टोरिया क्रॉस विजेता दरवान सिंह नेगी की पहल पर कुछ स्थानीय लोगों की मदद से यहां वर्ष 1918 में स्कूल की स्थापना की गई। साथ ही स्कूल के 100 साल होने पर यहां एक वर्ष तक शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विक्टोरिया क्रॉस के नाम से स्कूल में भर्ती प्रशिक्षण सहित अन्य गतिविधियां करने की अपील समिति ने की। इस पर कर्नल कोठियाल ने कहा कि यदि स्थितियां अनुकूल रहीं तो स्कूल के पुराने छात्रावास को सुधार कर भर्ती प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे जिले के युवाओं को भी लाभ मिलेगा। बैठक में शताब्दी समारोह के सचिव भुवन नौटियाल, पालिकाध्यक्ष सुभाष गैरोला, प्रधानाचार्य वीपीएस रावत, आरडी तोपाल, गोविंद सिंह तोपाल, आनंद सिंह, दमयंती रतूड़ी, जीएस डिमरी, केएस गुसाईं और आरएल आर्य आदि मौजूद थे।