बदरीनाथ। एमडीएच मसाले के मालिक धर्मपाल गुलाटी ने शुक्रवार को बदरीनाथ धाम के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष बदरीनाथ धाम में बनने वाले भोग के लिए मसाले की व्यवस्था वह स्वयं करेंगे। इसके उन्होंने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों से मसालों का ब्योरा मांगा।
धर्मपाल गुलाटी हेलीकॉप्टर से सुबह साढ़े 11 बजे बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बदरीनाथ में चल रहे वेदपाठ में भाग लिया। करीब आधे घंटे तक धाम में रहने के बाद उन्होंने मंदिर समिति के सीईओ बीडी सिंह, बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी और धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल से भेंट की। करीब दो घंटे बदरीनाथ में ठहरने के बाद वह दोपहर में करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हुए।