अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डा. चिन्मय पंड्या 15 दिवसीय ब्रिटेन एवं यूरोप के दौरे पर हैं। इस यात्रा का सबसे अहम पड़ाव ‘फेथ इन लीडरशिप’ संस्थान की ओर से विभिन्न धर्मों के आपसी सद्भाव पर आयोजित परिचर्चा में डा. चिन्मय पंड्या का व्याख्यान रहा। इस परिचर्चा में प्रिंस चार्ल्स, कैंटरबरी के आर्कबिशप, यहूदियों के मुख्य आचार्य, ब्रिटेन के गृहमंत्री एवं प्रधानमंत्री कार्यालय के पदाधिकारी शामिल हुए।
बेहद महत्वपूर्ण परिचर्या में 150 से अधिक विविध धर्मों के वरिष्ठ आचार्य, कैथेड्रल के डीन, इमाम, गैर सरकारी संगठनों के प्रमुख शामिल हुए। यह कार्यक्रम रॉयल मेथोडिस्ट हॉल में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में प्रिंस चार्ल्स, कैंटरबरी के आर्कबिशप, ब्रिटेन के गृहमंत्री और प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के अतिरिक्त भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए डा. चिन्मय पंड्या को ही विचार व्यक्त करने का मौका मिला।
प्रतिकुलपति के विचार से प्रभावित होकर उन्हें दूसरे दिन हाउस ऑफ लॉर्ड्स में विचार अभिव्यक्त करने का आमंत्रण मिला। जहां डा. चिन्मय पंड्या ने गुरुसत्ता के जीवन, उनके कार्य और गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय की नवीन प्रणालियों से सबको अवगत कराया। इस अवसर पर डा. चिन्मय पंड्या ने देवसंस्कृति विवि के कुलाधिपति एवं गायत्री परिवार के प्रमुख डा. प्रणव पंड्या की ओर से हाउस ऑफ लॉर्ड्स में उपस्थित सभी लोगों को देवनगरी हरिद्वार में स्थित शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्व विद्यालय आने का न्योता दिया।