अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार ।
फिल्म पद्मावती के प्रदर्शन को लेकर पूरे देश में जारी विरोधों के बीच अब निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने खुलेआम चेतावनी दी है कि पद्मावती फिल्म का प्रदर्शन करने पर वे अपने समर्थकों के साथ संबंधित सिनेमा हॉल को फूंक देंगे।
फिल्म के प्रदर्शन के विरोध मेें लामबंद लक्सर विधायक संजय गुप्ता का साफ कहना है कि फिल्म निर्माता से ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की है। विधायक गुप्ता के मुताबिक फिल्म निर्देशक और निर्माता ने भारतीय संस्कृति के साथ खिलवाड़ किया है। ऐसे में उन्हें भी सजा मिलनी चाहिए। फिल्म में ऐसे दृश्यों को दर्शाया गया है जिनका इतिहास में कोई उल्लेख नहीं है। ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ कर फिल्म को रोचक बनाने की कोशिश की गई है, जो सरासर गलत है। विधायक संजय गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फिल्म को हरिद्वार के किसी भी सिनेमाघर में दिखाया गया तो वे अपने समर्थकों के साथ न सिर्फ तोड़फ़ोड़ करेंगे बल्कि हॉल को भी आग के हवाले कर देंगे। विधायक गुप्ता का यह भी कहना है कि उनका विरोध सिनेमाघर संचालकों से नहीं है वरन फिल्म को लेकर है। इसके साथ ही उन्होंने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मांग की है वे उत्तराखंड में फिल्म के प्रद्रर्शन पर रोक लगाने की कार्रवाई करें। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हिंदूवादी संगठनों ने फिल्म के विरोध में सिनेमाघरों में जबरदस्त तोड़फोड़ की थी और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था।