श्रीनगर। बैकुंठ नाट्य महोत्सव में कन्या भ्रूण हत्या पर आयोजित ‘क्या है मेरी पहचान’ नाटक छाप छोड़ने में समर्थ रहा। नाटक की पटकथा और कलाकारों का अभिनय दर्शकों को झकझोर गया।
एनआईटी उत्तराखंड के प्रेक्षागृह में चल रहे बैकुंठ नाट्य महोत्सव की दूसरी संध्या में संभव मंच परिवार देहरादून की ओर से ‘क्या है मेरी पहचान’ नाटक का मंचन किया गया। नाटक की शुरुआत मदारी और जंबूरे की बातचीत से हुई। जंबूरा मदारी से जिद करता है, कि मुझे लड़की बना दिया जाए। मदारी पूछता है कि तू लड़की क्यों बनना चाहता है? जंबूरा कहता है कि लड़कियां अच्छी होती हैं। मदारी, जंबूरा को लड़की बनाने के लिए तैयार हो जाता है, लेकिन एक शर्त रखता है, कि वह फिर उसे कभी लड़का नहीं बना पाएगा। मदारी जंबूरे को फिर सोचने को बोलता है, लेकिन जंबूरा जिद पर अड़ा रहता है। मदारी जंबूरे को लड़की बना देता है। तब मदारी कहता है कि लड़की तो तू बन गया, लेकिन एक बात सुन ले कि आज भी कई जगह हमारे समाज में लड़कियों के प्रति अच्छी भावना नहीं है। लोग लड़की पैदा नहीं होने देते। जंबूरा इस पर विश्वास नहीं करता। तब मदारी कहता है कि मैं तुझे असलियत दिखाता हूं। इसके बाद कथानक फ्लेशबैक में चला जाता है। जहां एक परिवार में महिला गर्भवती है। उसका पति उसको मार रहा होता है। मारने की वजह यह है, कि अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में उसके गर्भ में पल रहा भ्रूण कन्या का है। पति उस पर गर्भपात का दबाव डाल रहा होता है। पूरा परिवार महिला को मारपीट कर उसका गर्भपात करा देता है। इससे वह सदमे आ जाती है और उसकी जान चली जाती है।
कथा सुनाते-सुनाते मदारी कहानी को वर्तमान में ले आता है। अब मदारी और जंबूरा दोनों ही रो रहे होते हैं। जंबूरा मदारी से प्रार्थना करता है कि मुझे फिर से लड़का बना दो। मेरी धारणा गलत थी। आज भी समाज में बालिकाओं को महत्व नहीं दिया जाता है। मदारी असमर्थता जताता है। दोनों के अफसोस जताने के साथ ही नाटक अंत हो जाता है। मुख्य पात्र मदारी की भूमिका अभिषक मंदोला ने निभाई। जबकि सहायक कलाकार के रुप में हेमा पंत, कुुसुम पंत, मिताली, प्रीति, प्रदीप रतूड़ी, नितिन भट्ट व विजय शर्मा रहे।
...................
राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले में राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की 8 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर राज्य की महिला टीम का चयन किया जाएगा। जो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच उधमसिंह नगर ने जीता।
राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ गढ़वाल विवि के प्रतिकुलपति प्रो. डीएस नेगी ने किया। इस दौरान प्रो. नेगी ने कहा कि पहाड़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। मेले में आयोजित हो रही कबड्डी प्रतियोगिता स्थानीय खिलाड़ियों के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करेगा। पालिका अध्यक्ष विपिन मैठानी ने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत किया। गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच गढ़वाल विवि व ऊधमसिंह नगर के बीच खेला गया, जिसमें ऊधमसिंह नगर की टीम विजयी रही। ऊधमसिंह नगर को 47 व गढ़वाल विवि की टीम को 38 अंक प्राप्त हुए। राज्य कबड्डी फैडरेशन के सदस्य नितिन कुमार ने बताया विजेता टीम दिसंबर माह में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।