फोटो :----------------
ग्रामीणों ने मोतीचूर रेंज कार्यालय का किया घेराव
-- जंगली जानवर चारदीवारी और फसलों को पहुंचा चुका हैं नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
रायवाला। राजाजी टाईगर रिजर्व की सीमा से सटे हरिपूरकलां में जंगली हाथी और गुलदार के आतंक से ग्रामीण भयभीत हैं। रिहायसी क्षेत्र में जंगली हाथी द्वारा कई घरों की चारदीवारी तोड़ दी गई हैं। रविवार को रायवाला स्थित हरिपुरकलां के ग्राम प्रधान सत्येंद्र धमांदा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मोतीचूर रेंज कार्यालय का घेराव कर रेंज अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि शाम ढलते ही ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार की दहशत बनी रहती है, वन कर्मियों को सूचना देने पर भी मौके पर नही पहुंचते, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पिछले कुछ दिनों से टाईगर प्रशासन की लापरवाही के चलते गांव में जंगली हाथी गुलदार, जंगली सुअर, बंदरों की चहलकदमी बढ़ने से भारी नुकसान के साथ ग्रामीणों को दहशत में जीने का मजबूर होना पड़ रहा है।
हाथियों ने अब तक बुद्धिबल्लभ आचार्य, रघुवीर सिंह बिष्ट, हेमंत कुमार, चंद्र मोहन रावत, वेद प्रकाश ग्वाड़ी आदि की चारदीवारी तोड़कर नुकसान पहुंचाया। इससे पूर्व टाईगर प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षा देने के लिए जल्द ऊर्जा बाड़ लगाने और नियमित गश्त का आश्वासन दिया गया था। ग्रामीणों ने रेंज कार्यलय पर रेंज अधिकारी का कई घंटे तक इंतजार किया, लेकिन रेंज अधिकारी के नही पहुंचने पर अधीनस्थ अधिकारी को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित काश्तकार देवग्वाड़ी, होशियार सिंह नेगी, राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी ने बताया की यह हाथियों का वही टस्कर है जो हर वर्ष उन्हीं रास्तों पर नुकसान पहुंचाने आता है। आशा प्लाट छिद्दरवाला के काश्तकार रामकृष्ण लखेरू की दो बीघा गन्ने की फसल को रौंदते हुए टस्कर ने भारी नुकसान पहुंचाया। वन्य जीवो द्वारा किसानों की फसल सुरक्षा के लिये जिम्मेदार वनकर्मियों के खिलाफ ग्राम प्रधान ने जरूरी कार्रवाई की मांग की। खांडगांव नबंर तीन में आबादी क्षेत्र में टस्कर की चहलकदमी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने टाईगर रिजर्व प्रशासन से गस्त बड़ाने और सुरक्षा के इंतजाम की मांग की। ग्रामीण गुमान सिंह चौहान, सोबन सिंह नेगी, आदि ने बताया की टस्कर गांव की सीमा में बने घरों के आस-पास रात भर चहलकदमी कर रहा है।