गोपेश्वर। 1 वीं राज्यस्तरीय अंडर 14 आयु वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और यूएस नगर के बीच फाइनल मुकाबला होगा। शनिवार को चार सेमीफाइनल मुकाबले हुए।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में हो रही प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहला मैच यूएस नगर और उत्तरकाशी के बीच खेला गया। पहले खेलते हुए यूएस नगर ने निर्धारित 15 ओवर में 102 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तरकाशी की टीम निर्धारित ओवर में मात्र 68 रन ही जोड़ पाई, जिससे यूएस नगर ने 34 रनों से जीत दर्ज की।
दूसरा मैच स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और चमोली के बीच हुआ। टॉस जीतकर चमोली के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 15 ओवर में चमोली ने सात विकेट खोकर 59 रन जोड़े। जवाब में स्पोर्ट्स कालेज के खिलाड़ियों ने एक विकेट खोकर मात्र आठ ओवरों में ही मैच पर कब्जा किया। स्पोर्ट्स कॉलेज के गोविंद पंवार ने 38 रन और सचिन चौहान ने 23 रन जोड़े।
तीसरा मैच स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और उत्तरकाशी के बीच हुआ। उत्तरकाशी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्र रक्षण का फैसला लिया। स्पोर्ट्स कॉलेज ने बल्लेबाजी कर 115 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तरकाशी की टीम 69 रन पर ऑल आउट हो गई। उत्तरकाशी के खिलाड़ी रोमिक ने देहरादून की टीम के दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
चौथा मैच चमोली और यूएस नगर के बीच खेला गया, जिसमें यूएस नगर ने पहले बल्लेबाजी कर 65 रन बनाए। जवाब में चमोली की टीम निर्धारित 15 ओवर में मात्र 59 रन ही जोड़ पाई। छह रन से यूएस नगर की टीम विजेता रही। रविवार को स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और यूएस नगर के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
इस मौके पर प्रदीप कन्याल, कुलदीप कुमार, अजीत नेगी, गिरीश गौड़, वीरेंद्र गुसांई, दुर्गेश रावत, दर्शन सिंह पंवार, विनोद नेगी, पृथ्वी सिंह, मोहन राज कन्याल, गजपाल सिंह, सीमा कुंवर, रेखा रावत, रिचा लिंगवाल आदि मौजूद थे।