श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों ने रंग जमाया। गढ़वाली, कुमाऊंनी गीतों की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात पांडाल में नाचने पर विवश किया। लोकनृत्य ने दर्शकों को झूमाया तो वहीं गीतों ने मेले में समा बांधा।
शुक्रवार को बैकुंठ चतुर्दशी मेले की सांस्कृतिक संध्या में सांस्कृतिक मंचों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को बांधे रखा। स्थानीय कलाकार अमित खर्रे, विवेक नौटियाल, स्वातिकृष्ण, अंजलि खर्रे आदि ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दी। अमित खर्रे ने ‘भाना ओ रंगीली भाना’ अंजलि खर्रे ने ‘पल्या गौं का मोहना’ विवेक नौटियाल ने ‘आज होगा दीदार माही दा’ स्वातिकृष्ण ने ‘लगन लागी रे’ गीत गाए। इसके अलावा ऋषि कुमार, गामा सिंह, शकुंतला कैंथुला, प्रभुदयाल व रोहित खत्री ने भी प्रस्तुतियां दी। वहीं उत्तराखंड सांस्कृतिक कलामंच, भागीरथी कला मंच, बिगुल सांस्कृतिक मंच, मां गौरादेवी सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने कुमाऊंनी व गढ़वाली लोकनृत्यों की एक से बढ़ कर एक प्रस्तुतियां दी। लोकगीतों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
>> .................
संस्कृत नाटक प्रतियोगिता में जयदयाल महाविद्यालय प्रथम
श्रीनगर। शनिवार दोपहर आयोजित संस्कृत नृत्य नाटिका (सीनियर वर्ग) में जयदयाल संस्कृत महाविद्यालय प्रथम, जीजीआईसी श्रीनगर द्वितीय व गुरुरामराय पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। जबकि जूनियर वर्ग में जयदयाल संस्कृत महाविद्यालय पहले, रैनबो पब्लिक स्कूल दूसरे व मार्सल पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहे। निर्णायक की भूमिका में मनमोहन बहुगुणा, सर्वेश्वर प्रसाद भट्ट, डा. यशोदा प्रसाद सेमल्टी व रघुवीर सिंह भंडारी रहे। कार्यक्रम का संचालन रामचंद्र भट्ट ने किया।
>>
दाक्षी, वैभवी ब्राह्मी रही अव्वल
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी के तीसरे दिन तीन वर्गों में बेबी शो आयोजित की गई। इसमेें विभिन्न वर्गों में दाक्षी, वैभवी चौहान और ब्राह्मी उनियाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शनिवार को जीआईएंडटीआई मैदान में आयोजित बेबी शो में बड़ी संख्या में प्रतिभागी पहुंचे। प्रतियोगिता के निर्णायक राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बाल रोग विशेषज्ञ डा. वरुण तिवाड़ी ने बच्चों की सेहत, वजन, सफाई, शारीरिक और मानसिक विकास का परीक्षण कर परिणाम घोषित किए। 6 से डेढ़ साल के आयु वर्ग में दाक्षी कंडारी ने प्रथम, वंशिका कप्रवाण ने द्वितीय व गौरांशी पंत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हुमैरा परवीन व वान्या नेगी को सांत्वना पुरस्कार मिला। जबकि डेढ़ से 3 वर्ष के आयु वर्ग में वैभवी चौहान ने पहला, ईभान शर्मा ने दूसरा व अग्रिम पंवार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं रूद्रांश सिल्सवाल, सिद्दी खंडूड़ी व सार्थक ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। दूसरी ओर 3 से 5 आयु वर्ग में ब्राह्मी उनियाल प्रथम, मिष्टी रानी द्वितीय व विहान सिरोला तृतीय स्थान पर रहे। अंशुमन, रुद्रांश सिंह व वंश कोटनाला को सांत्वना पुरस्कार मिला। नगर पालिका अध्यक्ष बिपिन मैठानी ने पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी विजय लक्ष्मी रतूड़ी, रामेश्वरी देवी, गीता शुक्ला, वीरेंद्र लाल व सनी शर्मा आदि मौजूद थे।
हिमांशु व रितिका पंवार ने जीती 1500 मीटर दौड़
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी में आयोजित विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन सीनियर बालक वर्ग की 1500 मी. दौड़ में हिमांशु बंगवाल (जीआईसी श्रीनगर), बालिका वर्ग मेेें रितिका पंवार (बीएमपीएस घसियामहादेव), ने पहला स्थान प्राप्त किया। लंबी कूूद स्पर्धा के प्राइमरी बालक वर्ग में सलीम (एसटीसीएस श्रीनगर) व बालिका वर्ग में अदिति (आरपीएस) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीनियर बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ शिखा (केंद्रीय विद्यालय) ने जीती। जबकि प्राइमरी वर्ग की 100 मी. दौड़ बालिका वर्ग में आस्था व बालक वर्ग में मोहित, मेढ़क दौड़ बालक वर्ग मेें ध्रुव नेगी व बालिका वर्ग में सोनिया और बोरा दौड़ बालक वर्ग में आकाश व बालिका वर्ग में अदिति रावत ने प्रथम स्थान हासिल किया। सब जूनियर वर्ग में लंबी कूद बालक वर्ग में राजकुमार व बालिका वर्ग में आंचल रावत ने पहले स्थान पर बाजी मारी
सीसीटीवी कैमरा व कूड़ादान लगाने की मांग
श्रीनगर। जन उड़ान संस्था ने बैकुंठ चतुर्दशी मेला स्थल में सुरक्षा व्यस्वस्था को देखते हुए सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है। संस्था के अध्यक्ष कुशलानाथ ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कूड़ादान लगाने की भी मांग की।
मेले में आज
10 बजे प्रात: महिला कीर्तन प्रतियोगिता का शुभारंभ
11 बजे पूर्वाह्न रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता (महिला वर्ग)
05 बजे शाम बैकुंठ नाट्य महोत्सव (पॉलीटैक्नीक ऑडीटोरियम में)
07 बजे शाम गढ़ कमाऊंनी कवि सम्मेलन।