अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के तहत अनुबंधित कंपनी केआरएल बृहस्पतिवार से नगर निगम के पूरे क्षेत्र में सड़क से लेकर गली तक का कूड़ा निस्तारण का काम अपने हाथ में लेगी। इसके लिए नगर निगम अपने चार कूड़ा वाहन केआरएल को देगा। इसके साथ केआरएल उन 6 वार्डों में भी एक-एक कर घर-घर से कूड़ा एकत्रीकरण का कार्य शुरू करेगा, जिनमें अभी तक वह नहीं पहुंचा है।
नगर आयुक्त नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को केआरएल के प्रतिनिधियों के पेच कसे और पूरे क्षेत्र का कूड़ा उठाने और जिन 6 वार्डों को अब तक उसने अपने हैंडओवर नहीं लिया है। उनको हैंडओवर लेकर घर-घर से कूड़ा एकत्रीकरण और निस्तारण करने का निर्देश दिया है। इस प्रकार वर्ष 2012 में अनुबंधित पीपीपी मोड की कंपनी पांच साल के बाद नगर निगम के सभी वार्डों में पहुंच पाएगी। केआरएल के प्रतिनिधि मनोज शर्मा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार बृहस्पतिवार से केआरएल नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में सड़क से गली तक का कूड़ा तथा डस्टबिन उठाने का काम शुरू करने का जा रहा है। नगर निगम की जितनी भी कूड़ा गाड़ियां उनको केआरएल ही चलाएगा। इससे नगर निगम को प्रतिमाह लाखों रुपये की बचत होगी और डुप्लीकेसी भी खत्म होगी। अभी तक नगर निगम की गाड़ियां भी कूड़ा उठा रही थीं और केआरएल की भी। ऐसे में जहां कहीं से कूड़ा नहीं उठता तो केआरएल और नगर निगम एक-दूसरे पर दोषारोपण के बच जाते थे। लेकिन अब यह बहाने बाजी खत्म हो जाएगी।
इन छह वार्डों में को लिया जाएगा हैंडओवर
केआरएल को नगर निगम के जिन छह वार्डों को अपने हैंडओवर लेना है उनमें वार्ड नंबर 4 वाल्मीकि बस्ती ज्वालापुर, वार्ड नंबर 10 मैदानियान ज्वालापुर, वार्ड 15 गऊघाट, वार्ड 24 मेहतान ज्वालापुर, वार्ड 26 लोधामंडी ज्वालापुर और वार्ड 27 कस्सावान ज्वालापुर शामिल हैं। घनी आबादी वाले इन वार्डों में भी घर-घर कूड़ा एकत्रीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।