गोपेश्वर। गढ़वाल सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभागवार विकास कार्यों की समीक्षा की। सांसद ने कहा कि अधिकारी विकास कार्यों में खानापूर्ति न करें। जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर विकास कार्यों का संचालन किया जाए। इससे पूर्व सांसद ने लोनिवि निरीक्षण भवन के प्रांगण में पीएमजीएसवाई के तहत 119 करोड़ 5 लाख, 25 हजार की लागत से निर्मित व प्रस्तावित सड़कों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में सांसद खंडूड़ी ने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं भी सुनीं। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को लाभांश न मिलने की बात कही। घाट के ब्लॉक प्रमुख कर्ण सिंह ने कहा कि पीएम आवास योजना के लिए बीपीएल परिवारों का नए सिरे से सर्वे किया जाए। इस पर सांसद ने डीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक महेंद्र भट्ट ने अधिकतर एटीएम में धनराशि की कमी की बात कही। इस पर लीड बैंक अधिकारी ने बताया कि आरबीआई की ओर से नोटों के प्रचलन को कम करने के लिए करेंसी में 30 फीसदी की कटौती की गई है। सांसद ने इस संबंध में आरबीआई के उच्च अधिकारियों से बात करने की बात कही। देवाल की ब्लॉक प्रमुख उर्मिला देवी ने क्षेत्र में स्थानीय उत्पादों का समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग उठाई। मनरेगा की समीक्षा के दौरान जिला विकास अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार के स्तर पर छह करोड़ 54 लाख का बजट अटका हुआ है, जिस पर सांसद ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।