गोपेश्वर। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद चमोली की शाखा ने अपर चमोली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और एएनएम की तैनाती की मांग उठाई। दल के पदाधिकारियों ने कहा कि एक वर्ष से यहां एएनएम का पद रिक्त चल रहा है, जिससे बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। साथ ही चमोली में स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने से आम लोगों के साथ ही तीर्थयात्रियों को भटकना पड़ रहा है।
बजरंग दल के विभाग संयोजक पवन राठौर, विहीप के जिला मंत्री प्रकाश बर्तवाल, राकेश मैठाणी, मंदीप फस्त्रवाण, जितेंद्र कठैत, देवेंद्र गुसाईं, बलवीर रावत, हिमांशु सिंह और पंकज बिष्ट ने इस संबंध में जिला चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यदि शीघ्र केंद्र में चिकित्सक व एएनएम की तैनाती नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इधर, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी का कहना है कि चमोली में जल्द ही एएनएम की तैनाती की जाएगी। स्वास्थ्य निदेशालय से चिकित्सकों की मांग की गई है। चमोली में चिकित्सकों की कमी को दूर कर लिया जाएगा।