देवप्रयाग। हिंडोलाखाल में आयोजित रोजगार करियर मेले में क्षेत्र के 500 युवा बेरोजगारों ने अपना पंजीकरण करवाया। मेले में 10 कंपनियों की ओर से अपने स्टाल लगाए गए।
रविवार को विकासखंड हिंडोलाखाल में क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी की पहल पर रोजगार करियर मेला आयोजित किया गया। मेले के उद्घाटन मौके पर विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाय, जिसके लिए उनकी ओर से विभिन्न नामी ग्रामी कंपनियों से संपर्क किया जा रहा है। इस मौके पर आजीविका संस्था के जगमोहन नेगी, रंजू उपाध्याय ने कहा कि पहाड़ के युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिए जाने के लिए इस तरह के मेलों का आयोजन किया जा रहा है। कहा कि करियर रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण के बाद कई कंपनियों में रोजगार दिया जाएगा। कंपनी प्रतिनिधि उत्तम रावत, पूर्णिमा, संजय शर्मा नीरज रावत आदि की ओर से भी रोजगार संबंधी प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। कहा कि लघु उद्योग के तहत महिलाओं के लिये भी रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। ब्लाक प्रमुख जयपाल पंवार, जेपीचंद, ज्योति कैंतुरा, प्रदीप रौथाण, शकुंतला भट्ट, पूर्णनंद झिल्डियाल, प्रमोद चंद आदि मौजूद थे।