गोपेश्वर। तृतीय केदार तुंगनाथ आगामी वर्ष की तीर्थयात्रा के लिए बिजली की रोशनी से जगमगाएगा। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से तृतीय केदार तुंगनाथ में वैकल्पिक ऊर्जा के तहत विद्युतीकरण, पेयजल, भोग मंडी निर्माण और फेब्रीकेटेड हट्स निर्माण के प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पारित किए गए हैं।
बीते अगस्त माह में मंदिर समिति के सदस्य ओम प्रकाश नेगी ने तुंगनाथ मंदिर का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने तुंगनाथ मंदिर में पेयजल और बिजली की समस्या को देखते हुए प्रस्ताव को बीकेटीसी की बोर्ड बैठक में रखा था। अब बोर्ड ने प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी है। समिति के सदस्य ओम प्रकाश नेगी ने कहा कि तुंगनाथ में पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए भूमिगत पेयजल टैंक बनाया जाएगा। तुंगनाथ में तीर्थयात्रियों की तादात प्रतिवर्ष बढ़ रही है, जिसे देखते हुए यहां जगह-जगह फेब्रीकेट हट्स निर्मित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तुंगनाथ में उरेडा विभाग की ओर से सोलर लाइट लगवाई जाएंगी, जिससे बिजली की दिक्कत दूर हो जाएगी।