कर्णप्रयाग। डा. शिवानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र संघ समारोह में गढ़वाली, कुमाऊंनी सहित अन्य लोक गीत और नृत्यों की धूम रही। हिमवंत देश होला त्रिजुगी नारेण...., घम घमा घम हुड़की बजी..., सहित अन्य लोक गीतों और नृत्यों पर युवा छात्र खूब झूमे।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित छात्र संघ समारोह में राज्य सभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप टम्टा भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर करने के लिए हर युवा को आगे आना होगा। टम्टा ने महाविद्यालय के छात्र संघ और प्रशासन की मांग पर महाविद्यालय में पुस्तकालय सहित फर्नीचर आदि के लिए पांच लाख देने की घोषणा की। कहा कि महाविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों की स्वीकृति और शिक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रदेश और दिल्ली सरकार से वार्ता की जाएगी।
समारोह में पूर्व विधायक डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि महाविद्यालय के लिए पूर्व सरकार की ओर से स्वीकृत कई योजनाएं आज आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। प्राचार्य प्रो. जेसी घिल्डियाल ने महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को रखा। डा. आरसी भट्ट के संचालन में हुए कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता हरिकृष्ण भट्ट, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, नगर अध्यक्ष महेश खंडूड़ी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवराज रावत, संजय रावत, रेनू नेगी, ईश्वरी मैखुरी, अजय किशोर भंडारी सहित छात्र संघ के पदाधिकारी और महाविद्यालय का सभी स्टाफ आदि मौजूद थे।