अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
छठ पूजा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरिद्वार में छठ महोत्सव में केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह पहुंचेंगे। यह जानकारी पूर्वांचल समाज से जुड़े लोगों ने प्रेस वार्ता में दी है।
मंगलवार को मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता में पूर्वांचल उत्थान संस्था के अध्यक्ष सूर्य नारायण झा ने बताया कि छठ महोत्सव में 26 अक्तूबर को केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के अलावा शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक भी प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम हरकी पैड़ी में होगा। इसके अलावा भी कई अन्य कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री पहुंच सकते है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के लोग वर्षों से इस परंपरा का निर्वाह करते चले आ रहे हैं। गंगा में खड़े होकर सूर्य भगवान की पूजा अर्चना महिलाएं करती है। पुरुष सहयोग की भूमिका में होते हैं। बिहार महासभा संरक्षक विकास तिवारी ने कहा कि पूर्वांचल के सभी लोगां के साथ मिल जुलकर इस पर्व को एकता के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर पूर्वांचल जन जागृति संस्था के संरक्षक कमलेश्वर मिश्रा और बिहार महासभा के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडे ने छठ पूजा के दौरान किसी भी तरह की गंदगी न करने की बात कही। प्रेस वार्ता का आयोजन बिहार महासभा, पूर्वांचल जन जागृति संस्था और पूर्वांचल उत्थान संस्था की ओर से आयोजित की गई।