नगर पालिका की बोर्ड बैठक
-------------------------
हरिद्वार रोड पर डपिंग ग्राउंड से हटेगा निकाय का कूड़ा
-- नगर पालिका बोर्ड ने दी प्रस्ताव को हरी झंडी
-- निजी एजेंसी ट्रीटमेंट कर निस्तारित करेगी डंप कचरा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। शहर में हरिद्वार हाईवे पर निजी भूूखंड में पालिका द्वारा लगाए गए कूड़े के ढेर का नगर पालिका प्रशासन जल्द निस्तारण करने जा रही है। इसके लिए पालिका प्रशासन ने एक निजी एजेंसी को हायर किया है। कूड़ा निस्तारण पर आने वाले खर्च के प्रस्ताव को बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। सोमवार को पालिका परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़े 39 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इनमें पथ प्रकाश, सड़क निर्माण, नालियों का निर्माण और स्वच्छता के लिए वाहनों की खरीद आदि प्रस्ताव शामिल हैं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने बताया कि हरिद्वार रोड पर पुरानी चुंगी के समीप निजी भूखंड में निकाय द्वारा शहर से निकलने वाला कूड़ा डंप किया जाता है। बोर्ड ने निजी एजेंसी के माध्यम से भूखंड में लगे कूड़े के ढेरों का निस्तारण कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। बताया कि एजेेंसी पॉलीथिन को कूड़े से अलग कर बाकी वेस्ट का खाद तैयार करेगी। यह कार्य 14वें वित्त आयोग मद से मिली धनराशि से कराया जाएगा। बैठक में निकाय के अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह यादव, एई आनंद मिश्रवाण, कर अधीक्षक निशात अंसारी, लेखाकार स्नेहा शिवा, सफाई निरीक्षक सचिन रावत, सभासद विकास तेवतिया, कविता शाह, हरीश तिवाड़ी, बृजपाल राणा, राधा रमोला, रीना शर्मा, मधु मिश्रा, कुलदीप शर्मा, शिवकुमार गौतम आदि मौजूद थे।
मल्टीस्टोरी बिल्डिंग निर्माण पर लगी मुहर :
हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से नगर पालिका कार्यालय के स्थान पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग का निर्माण के प्रस्ताव को भी निकाय बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। जल्द ही प्राधिकरण नगर पालिका की दशकों पुरानी बिल्डिंग को जमींदोज कर उसके स्थान पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग का निर्माण करेगा। इसमें कॉमर्शियल कांपलेक्स, त्रिवेणीघाट से अंडर ग्राउंड लिंक के साथ पार्किंग, निकाय के कार्यालय, मनोरंजन के लिए सिनेमा हॉल, दुकानें आदि का निर्माण करेगा।
एक छत के नीचे होंगे विभागीय कार्यालय :
नगर पालिका परिसर में संचालित हो रहे जल संस्थान और ऊर्जा निगम के कार्यालयों को एक ही स्थान पर ले जाने पर बोर्ड बैठक में सहमति दे दी गई है। पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा के मुताबिक निकाय परिसर में ही एक स्थान चिह्नित कर जल संस्थान और ऊर्जा निगम के कार्यालय शिफ्ट किए जाएंगे। बताया कि मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में सिर्फ नगर पालिका का कार्यालय ही संचालित होगा। ऊर्जा निगम के सुपरिटेडेंट इंजीनियर ने इस बाबत पत्राचार किया गया था, जिसे विभाग द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।
इन प्रस्तावों को भी मिली स्वीकृति
- कोयलघाटी से नंदूफार्म तक राजमार्ग के किनारे लगेंगे नए विद्युत पोल
- शहर के विभिन्न वार्डों में बने सार्वजनिक शौचालय को किया जाएगा अपग्रेड
- वीरभद्र मार्ग पर गली नंबर चार में गंगाघाट पर चेंजिंग रूम और टीनशेड बनेंगे
- शहर में तंग गलियों में पथ प्रकाश लाइटों को ठीक करने को खरीदेंगे छोटा वाहन