श्रीनगर। उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत के निर्देशों के बावजूद राजकीय मेडिकल कॉॅलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल की सफाई व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो पा रहा है। यहां अस्पताल परिसर, वार्ड, इमरजेंसी व लैब में गंदगी फैली हुई है। अब कॉलेज के प्राचार्य ने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भेजकर सफाई इंचार्ज का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल में ठेकेदार ने निर्धारित संख्या से कम सफाई कर्मी रखे हैं, जिससे अस्पताल की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। अब कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने भी सफाई अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भेजकर सफाई इंचार्ज का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों क्षेत्र भ्रमण पर आए विधायक व राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बेस अस्पताल का निरीक्षण किया था और इमरजेंसी में गंदगी पर एसडीएम श्रीनगर को एक हफ्ते तक सफाई व्यवस्था पर नजर रखने और सफाई कर्मियों की हाजिरी लेने के निर्देश दिए थे। वहीं एसडीएम मायादत्त जोशी ने बताया कि इस बारे मेें चिकित्सा अधीक्षक को अवगत करा दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ।
कोट
- अस्पताल के निरीक्षण में न तो सफाई मिली और न ही किसी भी स्तर पर कोई सफाई कर्मी मिला। बेस अस्पताल जैसे हायर सेंटर में सफाई कर्मी का ड्यूटी पर न होना अनुशासनहीनता है। एमएस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। - प्रो. सीएम रावत, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज श्रीनगर।